Tuesday, February 16, 2016

जल स्वावलंबन अभियान में पूरे मनोयोग से जुड़े - कलक्टर

कलक्टर ने ली मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान के नोडल अधिकारियों की बैठक

डूंगरपुर, 10 फरवरी/जिला कलक्टर इंद्रजीत सिंह ने जिले में मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान से जुड़े समस्त प्रशासनिक व विभागीय अधिकारियों से आह्वान किया है कि अभियान में पूरे मनोयोग से जुड़े और अभियान को सफल बनावें।  
कलक्टर सिंह बुधवार को जिला परिषद ईडीपी सभागार में मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान के तहत नियुक्त नोडल अधिकारियों और अन्य प्रशासनिक व विभागीय अधिकारियों की विशेष बैठक की अध्यक्षता करते हुए संबोधित कर रहे थे। 
इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह अभियान जनता से सीधे-सीधे जुड़ा हुआ अभियान है और इसमें लिए गए कार्यों से जल संरक्षण व पुनर्भरण का उद्देश्य पूर्ण होता है अतः क्षेत्रीय जनता की आवश्यकताओं से जुड़े अभियान को सफल बनाने के लिए वे लगातार क्षेत्रीय भ्रमण करें और चिह्नित कार्यों को पूर्ण करावें। कलक्टर ने अपने क्षेत्रीय भ्रमण दौरान अभियान के चयनित कार्यों में मिली खामियों को उजागर करते हुए नोडल अधिकारियों से आह्वान किया कि वे क्षेत्र के लिए पूर्णतया उपयुक्त कार्यों के संपादन का लक्ष्य लेकर चलें तभी अभियान सफल होगा। 
इससे पूर्व अतिरिक्त कलक्टर अशोक कुमार ने जल स्वावलंबन अभियान के तहत नोडल अधिकारियों के दायित्व और उनके द्वारा क्षेत्रीय भ्रमण के आधार पर तैयार किए जाने वाले प्रपत्रों व सूचनाओं के बारे मंे जानकारी दी। उन्होंने भामाशाह सीडिंग कार्य को भी जल्द से जल्द पूर्ण कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। डूंगरपुर उपखण्ड अधिकारी निकया गोहाएन ने अधिकारियों को अभियान के तहत नरेगा के कार्यों को भी गुणवत्ता के साथ संपादित करने के निर्देश देते हुए कहा कि व्यक्तिगत लाभ के कार्यों को वे गंभीरता से संपादित करावें। बैठक में जिला परिषद सीईओ परशुराम धानका ने अभियान के तहत संपादित हो रहे कार्यों और इससे क्षेत्र में होने वाले प्रभावों के बारे मंे बताया।  

कलक्टर ने दिया तीन सूत्रीय मंत्रः 

कलक्टर ने समस्त नोडल अधिकारियों को अभियान को सफल बनाने की दृष्टि से तीन सूत्रीय मंत्र दिया और कहा कि वे सबसे पहले तो चयनित ग्राम पंचायत का भ्रमण करें और वहां पर तैयार किए दस प्रस्तावों का चयन करें। दूसरा वे संबंधित ग्राम पंचायत और आसपास इन प्रोजेक्ट को सफल बनाने में सहयोगी संसाधनों की सूची तैयार करें। तीसरे सूत्र में वे फिल्ड विजीट करें और जनता को जोड़ते हुए चयनित प्रस्तावों और संसाधनों में तालमेल स्थापित करते हुए अभियान की सफलता को मूर्त रूप प्रदान करें। 

अधिकारियों ने दिए सुझाव: 

बैठक में कलक्टर सिंह के आह्वान पर अधिकारियों ने मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान को सफल बनाने के कई सुझाव भी दिए। जिला परिषद सीईओ परशुराम धानका ने जल संरक्षण संबंधित कार्यों में प्रवासी भारतीय भामाशाहों के सहयोग को आमंत्रित करने, सीमलवाड़ा एसडीओ राजीव द्विवेदी ने सामाजिक संगठनों को मिलाकर ग्राम पंचायत स्तर का संगठन बनाने, सागवाड़ा एसडीओ दीपेन्द्रसिंह राठौड़ ने किसान चौपालों के आयोजन करने का सुझाव दिया। इसी प्रकार अन्य अधिकारियों ने रात्रि चौपालें आयोजित करने व परंपरागत प्रचार माध्यमों से वातावरण निर्माण का सुझाव दिया।   
------------
फोटो केप्शन: डूंगरपुर/ मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान के तहत नोडल अधिकारियों की बैठक को संबोधित करते जिला कलक्टर इंद्रजीत सिंह। 

No comments:

Post a Comment